झारखंड के धनबाद कोर्ट परिसर में सोमवार को आरोपी कुणाल साव को हिरासत में लेने पहुंची आरपीएफ की विशेष टीम और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हाथापाई का रूप ले लिया। इस दौरान आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद थाना ले गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल होने की बात कही जा रही है।
**सरेंडर के दौरान शुरू हुआ विवाद**
अधिवक्ता संतोष सिंह के अनुसार, कुणाल साव कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक चेंबर में पहुंचा और आरोपी को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। इस बात को लेकर अधिवक्ताओं और उक्त व्यक्ति के बीच विवाद शुरू हो गया। संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने अधिवक्ताओं के साथ हाथापाई की। इसके बाद अन्य अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए और मामला बढ़ गया।
**आरोपी को पकड़ने पहुंची थी आरपीएफ की टीम**
वहीं, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि आरपीएफ के महुदा पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ आरोपी कुणाल साव को पकड़ने धनबाद कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी और अधिवक्ताओं के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर को धनबाद थाना ले गई।
**बार एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग**
घटना की सूचना पर बैंक मोड़, धनबाद, धनसार और भूली ओपी के प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर धनबाद बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है और संबंधित आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





