नालंदा में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज, सांसद कौशलेंद्र ने महागठबंधन पर साधा निशाना

नालंदा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नालंदा में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी 13 अक्टूबर को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और नालंदा के लाल निशांत कुमार के नालंदा आगमन को लेकर एनडीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर पार्टी स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है। नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

 

Sponsored Advertisement

सांसद ने बताया कि 13 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में एनडीए के घटक दलों के सभी मंत्री शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर एनडीए पूरी तरह सक्रिय है और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी तैयारियों को गति दी जा रही है।

 

वहीं, एसआईआर के मुद्दे पर महागठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि नाम भले ही इंडिया गठबंधन हो, लेकिन जमीन पर यह अब ‘लठबंधन’ बन चुका है। सांसद ने दावा किया कि इस बार एमएलसी चुनाव में महागठबंधन के ही उम्मीदवार एक-दूसरे के आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी।

 

चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी सांसद ने प्रतिक्रिया दी। कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जब महागठबंधन चुनाव जीतता है तो चुनाव आयोग सही नजर आता है, लेकिन बिहार और बंगाल में हार के बाद विपक्ष आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने लगता है।

 

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि माता-पिता के मुख्यमंत्री रहने की खासियत उन्हें विरासत में मिली है। अब तेजस्वी यादव सड़क पर उतरे हैं और आने वाले समय में उन्हें और भी सड़क पर उतरना पड़ेगा।

 

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने दावा किया कि बिहार में अगली सरकार भी एनडीए की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार हैं और संगठन के स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Related Posts

भागलपुर में टीबी उन्मूलन अभियान को नई रफ्तार, ‘ई-खुशी’ एप्लीकेशन लॉन्च

भागलपुर में टीबी उन्मूलन अभियान को नई रफ्तार, ‘ई-खुशी’ एप्लीकेशन लॉन्च

भागलपुर में ‘ज्ञानेश हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ मार्च, इंडिया गठबंधन ने उठाई चुनावी प्रक्रिया में बदलाव की मांग

भागलपुर में ‘ज्ञानेश हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ मार्च, इंडिया गठबंधन ने उठाई चुनावी प्रक्रिया में बदलाव की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *