भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र से गोलीबारी की घटना सामने आई है। चौकीपुर गांव में मंगलवार देर शाम घर के बाहर खड़े एक प्रॉपर्टी डीलर को हथियारबंद बदमाशों ने गोली मार दी। हमलावरों ने बेहद करीब से दो गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम गांव निवासी 40 वर्षीय राजू कुमार अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने बेहद करीब से राजू कुमार को दो गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी में राजू कुमार की बाईं जांघ और बाईं तरफ पेट में गोली लगी है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल राजू कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही गजराजगंज ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। फायरिंग की घटना के बाद चौकीपुर गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है।
सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि राजू कुमार को दो गोलियां लगी हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
घटना की जांच के लिए FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






