बेगूसराय: जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र में 20 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित विजय कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उसके घर को निशाना बनाकर करीब 40 राउंड गोली चलाई और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घटना 5 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वार्ड संख्या-18, पनसल्ला निवासी विजय कुमार के मुताबिक, वह रात में अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक घर के बाहर गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आरोप है कि बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे की ओर लगातार फायरिंग शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के लोग डर गए और घर के अंदर ही सुरक्षित रहे। कुछ देर बाद बाहर देखने पर कई लोगों को हथियार के साथ फायरिंग करते देखा गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बदमाश पहले भी 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग चुके थे। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने धमकी दी कि पैसे नहीं दिए गए तो परिवार के सदस्यों को जान से मार दिया जाएगा।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के मुताबिक, बदमाशों ने सड़क पर एक वाहन खड़ा किया और दक्षिण दिशा की ओर निकल गए। सूचना मिलने पर छौड़ाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे और एक चप्पल बरामद किए हैं। आवेदन में भरत यादव, मनीष कुमार समेत कई लोगों के नाम आरोपियों के तौर पर दिए गए हैं। हालांकि, पुलिस अभी आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।






