कटिहार। कटिहार में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मृतक अधिवक्ता की पहचान गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है। घटना को लेकर मृतक के बहनोई मुमताज आलम ने बताया कि उनका घर नगर थाना क्षेत्र के रामपाड़ा में है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन तबस्सुम का पड़ोस में रहने वाले सोखवा और उसके परिवार के साथ करीब दो महीने पहले रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद को लेकर तबस्सुम ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया था।
मुमताज आलम के अनुसार, इसी पुराने विवाद को लेकर कुछ दिन पहले कटिहार न्यायालय परिसर में अधिवक्ता गुड्डू अंसारी और आरोपी पक्ष के सोखवा के बीच भी विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान सोखवा ने अधिवक्ता को धमकी दी थी। इसके अलावा मृतक और उनकी बहन पर थाना में दर्ज मामला वापस लेने का दबाव भी बनाया जा रहा था। हालांकि, परिवार की ओर से मामला वापस लेने से इनकार किया गया।
मृतक के बहनोई का आरोप है कि इसी विवाद और रंजिश के चलते अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या की गई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
इधर, कटिहार सदर एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मृतक की बहन से जुड़े पुराने विवाद समेत सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।






