पटना: बिहार की राजधानी पटना में कार के अंदर एक शख्स का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित विद्या विहार अपार्टमेंट की है। मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रांची के रहने वाले बताए जा रहे हैं और इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आलोक कुमार अपनी बहन से मिलने पटना आए थे। वह फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित विद्या विहार अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 302 में आए थे। इसी दौरान वह अपनी कार में बैठे थे, जहां गोली लगने से उनकी मौत हो गई। कार के अंदर से पुलिस ने एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल पर पहुंची FSL की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। CCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृतक के बहनोई विनोद कुमार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि आलोक कुमार की हत्या की गई है। विनोद कुमार के मुताबिक, जब आलोक उनके घर आए थे तो वह बिल्कुल सामान्य और रिलैक्स थे। उन्हें किसी तरह का तनाव नहीं था। उन्होंने बताया कि गोली सिर के पीछे लगी थी और CCTV फुटेज में कार के आकर रुकने और गेट खुलने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। FSL रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आलोक कुमार की मौत गोली लगने से किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।





