सहरसा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 306 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक और पैन कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि पूजा कुमार शर्मा चौक स्थित राजेंद्र प्रसाद भगत के किराये के मकान में रहकर कथित रूप से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी और बताए गए मकान के पास छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक पुरुष और एक महिला घर से बाहर आते मिले। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम पूजा कुमार बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से 306 ग्राम स्मैक, 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नकदी को जब्त कर पूजा कुमार और उसके साथ मौजूद महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और निशानदेही के आधार पर मामले में कथित रूप से संलिप्त अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार पूजा कुमार, दशरथ यादव का पुत्र है और सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के मौरा नया टोला वार्ड नंबर-01 का निवासी बताया गया है। वहीं अमित कुमार स्वर्गीय नाथो यादव का पुत्र है और महिषरिया, थाना बैजनाथपुर, सहरसा का रहने वाला है। तीसरी गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है।
मामले में सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 330/2026, दिनांक 24 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, अमित कुमार का पूर्व में भी महिषी थाना कांड संख्या 49/2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी तथा इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





