बाढ़ राहत की मांग को लेकर आहुति गांव के ग्रामीणों का अंचल कार्यालय पर प्रदर्शन, सामुदायिक किचन शुरू करने की मांग

भागलपुर। जिले के बिहपुर प्रखंड की हरियो पंचायत अंतर्गत कोसी नदी के बाढ़ के पानी से घिरे वार्ड संख्या-1 स्थित आहुति गांव के बाढ़ प्रभावित महिला-पुरुषों ने शनिवार को सरकारी राहत की मांग को लेकर अंचल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बिहपुर पश्चिम-01 की जिला परिषद सदस्य रेणू चौधरी ने किया।

 

Sponsored Advertisement

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामुदायिक किचन शुरू करने, सूखा राशन उपलब्ध कराने, अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने और अन्य जरूरी राहत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के कई घरों में अब भी बाढ़ का पानी जमा है, जिससे लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से फिलहाल केवल नाव के संचालन की व्यवस्था की गई है, जबकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, राशन और अन्य जरूरी राहत सामग्री की आवश्यकता है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आहुति गांव से सटे मधेपुरा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन, अस्थायी शौचालय, जीआर राशि समेत अन्य राहत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, लेकिन आहुति गांव के प्रभावित परिवार इन सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

 

मामले की जानकारी मिलने पर भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल अंचल कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर अंचलाधिकारी अदिति रंजन और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती से बातचीत की।

 

अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों की सूची के आधार पर तत्काल प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अंचलाधिकारी और बीडीओ स्वयं आहुति गांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति तथा प्रभावित परिवारों का भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन के बाद जीआर राशि समेत अन्य राहत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वरीय एवं सक्षम पदाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

 

अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और अपने-अपने घर लौट गए। मौके पर बीपीआरओ काजल कुमारी, जिला परिषद सदस्य मोईन राईन, जिला परिषद प्रतिनिधि चंदन भारद्वाज, सरपंच प्रतिनिधि राजकिशोर, वार्ड सदस्य मंजु देवी, सुभाष सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Posts

सहरसा में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय का होगा कायाकल्प, नगर आयुक्त ने शुरू कराया स्वच्छता अभियान

सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार के निर्देश पर विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में पहल शुरू की गई है। इसी…

टीएमबीयू कुलपति आवास पर पहुंचा एबीवीपी, छात्रावास की बदहाली पर 5 दिन का अल्टीमेटम

भागलपुर: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामने आया। छात्रावास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *