सासाराम। रोहतास जिले में भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति विसर्जन के दौरान शुक्रवार की रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमझोर थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव के समीप ट्रक और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात दर्जनों लोग एक ट्रैक्टर पर भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति लेकर सोन नदी में विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रामडिहरा गांव के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर रखी मूर्ति, डीजे साउंड और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दुर्घटना में 25 वर्षीय अजीत कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई घायलों की स्थिति गंभीर होने की बात सामने आई है। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
इधर, हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। घटना की सूचना मिलने के बाद अमझोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रक के चालक की पहचान तथा हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।






