सहरसा। कोशी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। अभियान के दौरान आम लोगों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर लोग अवैध नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी दे सकते हैं। पुलिस ने सूचना देने वाले लोगों की पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय रखने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, 12 से 18 सितंबर 2026 के बीच चलाए गए अभियान के दौरान कुल 1740.6 लीटर अवैध शराब, 719.1 किलोग्राम गांजा और 192.19 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा 1.5 लीटर अवैध कफ सिरप और 1188 एमएल नशीला इंजेक्शन भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक कारतूस, 16 मोटरसाइकिल, तीन चारपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन और 4,390 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। अवैध शराब और सूखा नशा से जुड़े मामलों में कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, फरवरी 2026 में अभियान की शुरुआत के बाद से अब तक 69,870.595 लीटर अवैध शराब, 3417.97 लीटर कफ सिरप, 6436.1 किलोग्राम गांजा और 7667.982 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है। इस दौरान 12,734 एमएल नशीला इंजेक्शन और 325 नशीली टैबलेट भी जब्त की गई हैं।
अभियान के तहत अब तक दो विदेश निर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, छह देशी कट्टा, एक देशी मस्केट, तीन मैगजीन और 38 कारतूस समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस अवधि में कुल 2040 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के जरिए दें। सूचना में कारोबारी का नाम, पता और कारोबार का स्थान बताने के साथ संभव हो तो फोटो या वीडियो भी भेजा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, महत्वपूर्ण सूचना देने वालों को उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जा सकता है।





