सहरसा। जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के पंचवीरा गांव में आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान सरस्वती देवी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल सर्जरी कर गोली निकाल दी। हालांकि, सर्जरी के बाद भी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
इलाज कर रहे डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि गोली महिला के शरीर में प्रवेश करने के बाद लीवर को डैमेज करते हुए पेट के अंदर चली गई थी। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान गोली निकाल दी गई है, लेकिन मरीज की हालत अभी भी गंभीर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घायल महिला के पुत्र करण चौधरी ने बताया कि घटना के समय वे लोग सहरसा में मौजूद थे। इसी दौरान घर से उनके भांजे का फोन आया कि नानी को गोली लग गई है। जानकारी मिलने के बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे। करण चौधरी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है।
करण ने आरोप लगाया कि रंजीत ने गोली चलाई, जिससे उनकी मां सरस्वती देवी घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि रंजीत और हिमांशु आपस में मामा-भांजा हैं। करण के मुताबिक, घटना के बाद हिमांशु ने ही फोन कर उन्हें नानी को गोली लगने की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन घायल सरस्वती देवी को आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी सर्जरी की और गोली निकाल दी। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
सहरसा जिले में लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं के बीच पंचवीरा की इस घटना ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। घटना के कारणों और गोली चलाने वाले व्यक्ति की भूमिका को लेकर पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घायल महिला का इलाज जारी है।






