जहानाबाद सदर प्रखंड में प्रजापति समाज से विधान परिषद सदस्य यानी MLC बनने के बाद शिवरानी प्रजापति मंगलवार को पहली बार जहानाबाद पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर प्रजापति समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला अतिथि गृह में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व विधायक प्रत्याशी और प्रजापति समाज के जिला अध्यक्ष चंचल प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिवरानी प्रजापति का फूलों का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें MLC बनने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह विधान परिषद में प्रजापति समाज की आवाज को मजबूती से उठाएंगी।
स्वागत समारोह के दौरान शिवरानी प्रजापति ने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों का आभार जताया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बिहार सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से प्रजापति समाज के उत्थान और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
शिवरानी प्रजापति ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के हित में पूरी प्रतिबद्धता से काम किया जाएगा। समाज के लोगों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की बात भी कही।
वहीं, चंचल प्रजापति ने शिवरानी प्रजापति के MLC बनने को प्रजापति समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समाज की राजनीतिक भागीदारी के लिए एक नई शुरुआत है। अब समाज विधायकी और लोकसभा में भी अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।






