मोतिहारी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर के JJ कनक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बंजरिया थाना क्षेत्र के गोखुला गांव निवासी विजय पांडे की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों के बीच चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए छतौनी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।
बताया जा रहा है कि विजय पांडे को गोल ब्लैडर में पथरी की शिकायत थी। इसी के इलाज और ऑपरेशन के लिए उन्हें JJ कनक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि अस्पताल लाए जाने के समय विजय की तबीयत ठीक थी और उन्हें सिर्फ गोल ब्लैडर में पथरी की समस्या थी।
इलाज के दौरान अचानक विजय की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में गोखुला गांव से मृतक के सहयोगी, रिश्तेदार और पट्टीदार अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छतौनी थाना की पुलिस दलबल के साथ अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक के दादा धुपनाथ पांडेय ने बताया कि उनका पोता विजय पांडे बिल्कुल स्वस्थ अवस्था में घर से अस्पताल आया था। उसे केवल गोल ब्लैडर में पथरी की शिकायत थी, जिसके ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन अब इलाज के बाद उसकी मौत हो गई है।
धुपनाथ पांडेय ने डॉक्टरों के इलाज और ऑपरेशन के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि स्वस्थ अवस्था में अस्पताल लाए गए उनके पोते की मौत हो गई।
फिलहाल घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन मौत के कारणों की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।






