मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मिश्रा टोला चौक के पास मलाही-बेतिया मुख्य मार्ग पर एक हाईवा ट्रक की चपेट में आने से तीसरी कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि छात्र सड़क किनारे पैदल चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाईवा ट्रक की चपेट में बच्चा आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। बच्चे की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने मलाही-बेतिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
आक्रोशित लोग बच्चे के शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मौके पर वरीय पदाधिकारी पहुंचें और घटना को लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दें। लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन की ओर से ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा।
इस हादसे के बाद एक बार फिर पूर्वी चंपारण जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखते।
फिलहाल मौके पर तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन सड़क पर डटे हुए हैं और प्रशासन के वरीय अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना होगा।






