दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि साउथ जोन के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। ईशान किशन भले ही तिहरा शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उनकी 270 रन की शानदार पारी ने ईस्ट जोन को पहली पारी में 708 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
ईशान किशन ने 334 गेंदों का सामना करते हुए 30 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। ईशान की विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच में ईस्ट जोन की स्थिति बेहद मजबूत कर दी।
वहीं, ईस्ट जोन के लिए कुमार कुशाग्र ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 132 गेंदों पर 8 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 101 रन की शतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
खास बात यह रही कि ईशान किशन 250 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौट गए थे। उस समय उन्होंने 301 गेंदों पर 27 चौके और 7 छक्के लगाए थे। इसके बाद ईस्ट जोन की पारी आगे बढ़ी और टीम 680 रन के स्कोर पर अपना सातवां विकेट गंवा बैठी। इसके बाद कप्तान ईशान दोबारा मैदान पर उतरे और उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए 270 रन के स्कोर तक पहुंचाया।
ईशान की इस ऐतिहासिक पारी पर मॉडल अदिति हुंडिया ने भी सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की। दोहरा शतक पूरा करने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए ईशान को बधाई दी और उनकी पारी के लिए गर्व जताया।
ईस्ट जोन की पहली पारी 708 रन पर समाप्त हुई और इसके साथ ही फाइनल के दूसरे दिन का खेल भी खत्म हो गया।






