झारखंड की राजधानी रांची में चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण की घटना से सोमवार को हड़कंप मच गया। विधायक के बेटे सौरभ रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को यूनिवर्सिटी गेट के बाहर कुछ लोग कई वाहनों से पहुंचे और सौरभ के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें जबरन अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना विधानसभा थाना क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपहरण में ब्लैक स्कॉर्पियो समेत तीन से चार स्कॉर्पियो वाहनों के शामिल होने की बात सामने आई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच शुरू की। घटनास्थल के पास सौरभ की थार गाड़ी भी बरामद की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सौरभ के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। विधायक जनार्दन पासवान ने बताया कि घटना के बाद उनका अपने बेटे से संपर्क नहीं हो पा रहा था। सूचना मिलते ही विधायक चतरा से रांची के लिए रवाना हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया। सौरभ के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सौरभ को किन लोगों ने और किस वजह से जबरन अपने साथ ले जाया था। साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही अपहरण की वजह और घटना में शामिल आरोपियों की संख्या को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।







