पटना: शिक्षक दिवस के मौके पर पटना यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अचानक हुए बम धमाके से पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया। घटना यूनिवर्सिटी के ज्योग्राफी विभाग की पार्किंग में हुई, जहां शिक्षक दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। धमाके की तेज आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी छात्र, शिक्षक या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी के पास से गुजर रहे डबल डेकर पुल के ऊपर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने पार्किंग की ओर बम फेंका। धमाके के बाद सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से बम के अवशेष समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमाके में किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था और इसे किसने फेंका। शुरुआती जांच में प्रथम दृष्टया इसे सुतली बम बताया जा रहा है। वहीं, पुलिस को यूनिवर्सिटी कैंपस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी मिली है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पीरबहोर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह के मुताबिक, मामले की जांच फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है।
वहीं, पटना यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रॉक्टर प्रोफेसर उदय शंकर ने कहा कि घटना के वक्त भूगोल विभाग में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है और जांच में पुलिस का पूरा सहयोग किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर जांच में किसी छात्र की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर बम फेंकने वाले की पहचान और घटना के मकसद का पता लगाने में जुटी है।




