मुजफ्फरपुर: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर आगमन के दौरान आयोजित स्वागत समारोह में JDU नेता के गले से करीब 7 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। घटना तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक की बताई जा रही है। मामले को लेकर JDU नेता राजेश मंडल ने तुर्की थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर सकरी चौक पर JDU कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंत्री का काफिला जैसे ही वहां रुका, माला पहनाने और बुके देने के लिए कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई। इसी दौरान कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी JDU नेता राजेश मंडल भी मंत्री को माला पहनाने के लिए आगे बढ़े।
राजेश मंडल का आरोप है कि इसी भीड़ के दौरान उनके गले से सोने की चेन गायब कर दी गई। उन्होंने बताया कि चेन का वजन करीब 34 ग्राम था और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये है।
स्वागत समारोह से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मंत्री का काफिला गुजरने के बाद राजेश मंडल अपने गले की चेन गायब होने का अहसास होने पर सड़क पर इधर-उधर जाते और लोगों से चेन के बारे में पूछते नजर आ रहे हैं।
JDU नेता राजेश मंडल ने कहा, “चेन पहने हुए थे। निशांत जी का प्रोग्राम था। उसी दौरान चोर ने गले से चेन गायब कर दिया। चेन का वजन 34 ग्राम है।”
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि भीड़ के बीच चेन किस तरह गायब हुई और घटना में कौन लोग शामिल थे।





