भागलपुर: जगदीशपुर प्रखंड की बैजानी पंचायत सरकार भवन में ‘आपकी समस्या, हमारा समाधान’ कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन भागलपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
इस दौरान एसडीओ विकास कुमार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित शिकायतों को दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जिले की सभी पंचायतों में इस तरह के सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बैजानी पंचायत में भी पूर्व में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिसमें पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग सराहनीय रहा है।0000⁰⁰0⁰
एसडीओ ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों की शिकायतों के साथ उनके मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जा रहे हैं। संबंधित कार्यालय या पदाधिकारी के स्तर से समस्या का समाधान होने के बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी मोबाइल के माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी ग्रामीण की समस्या का निर्धारित स्तर पर समाधान नहीं होता है तो उसे अनुमंडल या जिला स्तर के संबंधित पदाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिला पदाधिकारी को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव और यथाशीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वहीं, बैजानी पंचायत सरकार भवन के सामने लंबे समय से जलजमाव की समस्या को लेकर मुखिया नवल किशोर सिंह ने कहा कि एक माह के भीतर जलजमाव की समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत की अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है।
शिविर में जगदीशपुर बीडीओ अमित कुमार, अंचल अधिकारी सतीश कुमार, प्रखंड एग्रीकल्चर कॉर्डिनेटर एसके तिवारी, मुखिया नवल किशोर सिंह, पंचायत सचिव राजीव झा, सरपंच सूरज कुमार मंडल, उपसरपंच सुभाष चंद्र झा, बीस सूत्रीय सदस्य शुभम कुमार पांडे, पंचायत समिति सदस्य अनिल रविदास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






