नालंदा में मोटर विवाद ने लिया खूनी रूप, क्रॉस फायरिंग में युवक की मौत, भाई गंभीर

नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के संतनबिगहा गांव में खेत में लगे मोटर को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में 25 वर्षीय संजीव कुमार यादव की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, उसका भाई कविन्द्र यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

 

Sponsored Advertisement

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही करीब दो दिनों पुरानी रंजिश चल रही थी। मंगलवार की रात यह विवाद उस समय फिर भड़क गया, जब संजीव कुमार यादव के खेत में लगे मोटर का स्टार्टर टूटे होने की बात सामने आई। इस घटना के बाद विवाद तेजी से बढ़ता चला गया।

 

हिलसा डीएसपी रंजन कुमार के अनुसार, मोटर का स्टार्टर टूटने से आक्रोशित संजीव सड़क पर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहा था। दूसरे पक्ष को लगा कि गालियां उन्हें दी जा रही हैं। इसी गलतफहमी और पहले से चली आ रही रंजिश के कारण दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

 

कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान करीब तीन से चार राउंड गोलियां चलीं। गोलीबारी के दौरान संजीव कुमार यादव और उसके भाई कविन्द्र यादव को गोली लग गई। संजीव कुमार यादव की मौत हो गई, जबकि कविन्द्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही थरथरी थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार और हिलसा डीएसपी रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।

 

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया गया है। पुलिस गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस कैंप कर रही है, ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद या तनाव न बढ़े।

 

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि संतनबिगहा गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

मसौढ़ी में सरकारी शिक्षिका की धारदार हथियार से हत्या, घर के अंदर बेड पर मिला खून से लथपथ शव

मसौढ़ी में सरकारी शिक्षिका की धारदार हथियार से हत्या, घर के अंदर बेड पर मिला खून से लथपथ शव

वैशाली में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

वैशाली में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *