धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच से करीब 130 लीटर केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब और बीयर की कुल अंकित कीमत करीब 38 हजार 160 रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि शराब की बोतलों और बीयर केन पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ लिखा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देशन में आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम बुधवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची। ट्रेन के पीछे वाले जनरल कोच की जांच के दौरान आरपीएफ जवानों को छह बैग और दो थैले संदिग्ध हालत में पड़े मिले।
टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से इन बैग और थैलों के मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने सामान पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने सभी बैग और थैलों को खोलकर जांच की। जांच के दौरान इनमें बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब मिली।
ट्रेन के कम ठहराव को देखते हुए आरपीएफ ने सभी सामान को प्लेटफॉर्म नंबर-3 के हावड़ा छोर पर उतारा। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में बैग और थैलों की विस्तृत जांच की गई। जांच में करीब 130 लीटर शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल अंकित कीमत 38 हजार 160 रुपये आंकी गई।
बरामद शराब और बीयर पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ लिखा होने के कारण आरपीएफ ने इसे जब्त कर लिया। सभी सामान को आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया। मामले में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है।
अब जब्त शराब और बीयर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा। आरपीएफ मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।






