सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरादेहपट्टी वार्ड नंबर-7 में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सांप के डसने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिरादेहपट्टी निवासी रोशन शर्मा के पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। प्रदीप गांव के ही एक विद्यालय में तीसरी कक्षा का छात्र था। मासूम की अचानक मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात प्रदीप खाना खाने के बाद अपने घर में जमीन पर चटाई बिछाकर सो रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने का एहसास होते ही प्रदीप ने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। बच्चे की बात सुनते ही परिजन घबरा गए और उसकी स्थिति पर नजर रखने लगे।
बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद प्रदीप की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए लेकर सदर अस्पताल सहरसा पहुंचे। रात करीब 12 बजे बच्चे को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, प्रदीप सामान्य रूप से खाना खाने के बाद सोने गया था और किसी ने नहीं सोचा था कि रात में ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।
घटना की सूचना सोमवार सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद सोमवार दोपहर सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि सांप के काटने से एक बच्चे की मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मासूम की असमय मौत से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।






