पटना: बिहार सरकार के गृह विभाग की ओर से शनिवार को बड़ी संख्या में पुलिस उपाधीक्षक यानी DSP स्तर के अधिकारियों का ट्रांसफर और पोस्टिंग किया गया. इसको लेकर गृह विभाग ने अधिसूचना भी जारी की, लेकिन इसी सूची में सामने आई एक विसंगति अब चर्चा का विषय बन गई है.
दरअसल, जारी ट्रांसफर-पोस्टिंग लिस्ट में एक ही अधिकारी का नाम दो अलग-अलग क्रमांक पर दर्ज है और दोनों जगह उनकी नई तैनाती अलग-अलग बताई गई है. इससे विभागीय आदेश की शुद्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं.
एक अधिकारी, दो पोस्टिंग
अधिसूचना के क्रमांक 19 पर प्रोमोटेड DSP पंकज कुमार सिंह का नाम दर्ज है. उनकी पूर्व तैनाती बक्सर जिले में पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय के पद पर बताई गई है. आदेश के मुताबिक उन्हें बक्सर से स्थानांतरित कर सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज पुलिस अनुमंडल का SDPO बनाया गया है.
लेकिन इसी अधिसूचना में क्रमांक 25 पर भी पंकज कुमार सिंह का नाम दर्ज है. यहां भी उनकी पुरानी पोस्टिंग बक्सर में DSP मुख्यालय के तौर पर बताई गई है. हालांकि, इस क्रमांक पर उनकी नई तैनाती सहरसा सदर पुलिस अनुमंडल के SDPO के रूप में दिखाई गई है.
अब सवाल- कहां ज्वाइन करेंगे DSP साहब?
यानी एक ही अधिकारी को एक ही ट्रांसफर आदेश में दो अलग-अलग पुलिस अनुमंडलों की जिम्मेदारी दी गई है. एक आदेश के मुताबिक पंकज कुमार सिंह को सुपौल के त्रिवेणीगंज में SDPO बनना है, जबकि दूसरे क्रमांक के अनुसार उन्हें सहरसा सदर का SDPO बनाया गया है.
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पंकज कुमार सिंह आखिर किस जगह योगदान देंगे? क्या वे त्रिवेणीगंज SDPO के पद पर ज्वाइन करेंगे या सहरसा सदर की जिम्मेदारी संभालेंगे?
टाइपिंग की गलती या बड़ी प्रशासनिक चूक?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह महज टाइपिंग की गलती है या ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया में किसी स्तर पर चूक हुई है. अब निगाहें गृह विभाग पर हैं कि वह इस विसंगति को कैसे स्पष्ट करता है और क्या इसे लेकर संशोधित अधिसूचना जारी की जाती है. एक ही अधिकारी की दो जगह पोस्टिंग का मामला फिलहाल पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है.





