मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। केसरिया थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण कारोबारी, उसकी पत्नी और महज ढाई साल के मासूम बेटे पर तेजाब से हमला करने का आरोप लगा है। घटना में तीनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा है।
घायल कारोबारी अमित कुमार का आरोप है कि उन्होंने 15 लाख रुपये सूद पर लिए थे। इसमें से करीब 10 लाख रुपये वह चुका चुके थे। आरोप है कि बकाया 5 लाख रुपये के लिए उन पर करीब 40 लाख रुपये कीमत की जमीन लिखने का दबाव बनाया जा रहा था।
अमित के मुताबिक, वह जमीन देने के लिए तैयार नहीं थे। इसी बीच उन्होंने अपनी जमीन केसरिया निबंधन कार्यालय में किसी दूसरे व्यक्ति के हाथों बेच दी। आरोप है कि जमीन बेचने की जानकारी मिलने के बाद गुंजन नाम का व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ अमित के घर पहुंचा।
पीड़ित परिवार का दावा है कि घर में घुसकर पहले उनके साथ मारपीट की गई और इसके बाद तेजाब फेंक दिया गया। तेजाब की चपेट में अमित, उनकी पत्नी रिंकी कुमारी और उनका ढाई साल का बेटा यश आ गया। बताया जा रहा है कि तेजाब फेंकने वाला व्यक्ति भी इसकी चपेट में आकर झुलस गया।
सबसे चिंताजनक स्थिति मासूम यश की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, तेजाब से झुलसने के बाद बच्चे को पेशाब करने में परेशानी हो रही है और उसे कैथेटर लगाया गया है। परिवार का सवाल है कि आखिर इस मासूम की क्या गलती थी?
इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, उन्हें पहले से फोन पर धमकियां मिल रही थीं। वहीं, कथित तेजाब फेंकने वाले पक्ष की ओर से अमित कुमार के खिलाफ भी केसरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन मिले हैं और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना में कौन दोषी है और तेजाब फेंकने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है—कर्ज और जमीन के विवाद की सजा आखिर उस मासूम को क्यों भुगतनी पड़ी?





