साइबर अपराध पर धनबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, 25 लाख लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य; गांव-गांव लगेगी रात्रि चौपाल

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी पर लगाम लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने अब जागरूकता अभियान को बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी की है। पुलिस का लक्ष्य जिले की करीब 25 लाख आबादी को साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों के प्रति जागरूक करना है। शहर से लेकर गांव तक पुलिस की टीमें पहुंचेंगी। स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रमों के साथ ग्रामीण इलाकों में रात्रि चौपाल लगाकर लोगों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए जाएंगे।

 

Sponsored Advertisement

धनबाद के डीएसपी विधि-व्यवस्था कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने साइबर सेफ्टी अवेयरनेस वीक और पुलिस की भावी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से शुरू अभियान का उद्देश्य जिले की बड़ी आबादी को साइबर अपराध के प्रति सतर्क करना है।

 

पुलिस फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताएगी। इसके लिए जागरूकता पुस्तिकाएं बांटने के साथ ऑडियो-वीडियो वैन और सार्वजनिक स्थानों पर वीडियो सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं।

 

अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए दूरसंचार विभाग और धनबाद पुलिस ने संचार मित्र कार्यक्रम शुरू किया है। आईआईटी (आईएसएम) के 13 युवाओं को संचार मित्र बनाया गया है, जिन्हें 24 घंटे की विशेष ओरिएंटेशन ट्रेनिंग दी गई है। ये लोगों को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, हेल्पलाइन 1930, चक्षु और संचार साथी पोर्टल के इस्तेमाल की जानकारी देंगे। पोषण सखी और आंगनवाड़ी सेविकाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया है।

 

वहीं पुलिस की नजर सिर्फ साइबर ठगों पर नहीं, बल्कि उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क पर भी है। डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के जरिए उन दुकानों और ठिकानों की पहचान की जा रही है, जहां कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड जारी किए जा रहे हैं। डेटा विश्लेषण के बाद ऐसे स्थानों पर छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है।

 

जामताड़ा, गिरिडीह और देवघर से सटे संवेदनशील इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने युवाओं को साइबर अपराध की राह छोड़ने की चेतावनी दी है।

 

अभियान को अब सिर्फ एक सप्ताह तक सीमित नहीं रखा जाएगा। हर सप्ताह एक से दो बार स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से लड़ाई में कार्रवाई के साथ जन-जागरूकता और जनभागीदारी भी बेहद जरूरी है।

संवाददाता रजेश कुमार

Related Posts

मानव भाई से ज्यादा जरूरी जीवन रूपी वृक्षों की रक्षा : डॉ. कौशल, वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती पर पेड़ों को बांधी राखी

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पलामू के छतरपुर में पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश देखने को मिला। वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण…

नाला में हर्षोल्लास से मना भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन, राखी बांध बहनों ने मांगी भाई की लंबी उम्र

जामताड़ा। नाला प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *