श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने संवैधानिक दायित्व का पालन कर रहे हैं और विपक्ष के नेता का काम ही सरकार से जवाब मांगना और उसे जवाबदेह बनाना है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगर विपक्ष का नेता विरोध नहीं करेगा तो फिर उसकी भूमिका क्या रह जाएगी। उन्होंने मीडिया के कथित दोहरे रवैये पर भी सवाल उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विपक्ष के नेताओं द्वारा सरकार से सवाल पूछे जाने पर मीडिया उसे गंभीरता से लेता है, लेकिन जब राहुल गांधी केंद्र सरकार के खिलाफ इसी तरह सवाल उठाते हैं, तो उनके इरादों पर सवाल उठाए जाते हैं।
दरअसल, राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए एक युवक के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर दिल्ली में करीब सात घंटे तक धरना दिया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की, जिसके बाद संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय के बाहर उनका धरना समाप्त हुआ।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल गांधी वही कर रहे हैं, जिसकी देश उनसे उम्मीद करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी अहम राष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछते रहेंगे और प्रशासन पर जवाबदेही तय करने का दबाव बनाए रखेंगे।
वहीं, किश्तवाड़ में नाबालिग लड़की की मौत के मामले पर मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को तेजी से जांच पूरी करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






