बोकारो चास थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी के कारोबार का खुलासा करते हुए दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 100 अवैध लॉटरी टिकट और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सभी टिकट डियर डे कंपनी के नाम से संचालित किए जा रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस अवैध लॉटरी कारोबार का नेटवर्क झारखंड के कई जिलों तक फैले होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, इसके संचालन का कनेक्शन बिहार से जुड़े होने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।
चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि धर्मशाला मोड़ के आसपास अवैध लॉटरी के कारोबार को लेकर लगातार सूचना मिल रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। जानकारी सही पाए जाने पर पुलिस टीम ने धर्मशाला मोड़ के पास कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने लॉटरी टिकट के साथ शंकर मोदक और नीरज कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद 100 लॉटरी टिकट अवैध तरीके से बिक्री के लिए रखे गए थे। इसके अलावा पुलिस ने उनके पास से एक हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और इसके संचालन के तरीके को लेकर अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध लॉटरी के टिकट कहां से मंगाए जाते थे और चास समेत झारखंड के दूसरे जिलों में इन्हें किन लोगों के माध्यम से बेचा जाता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस का मुख्य लक्ष्य इस अवैध कारोबार के पीछे मौजूद बड़े कारोबारी तक पहुंचना है। इसके लिए गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को डिकोड करने और बिहार से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच में जुटी है।





