सहरसा में शुक्रवार को कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सहरसा साइबर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साइबर पुलिसिंग की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था, स्टेशन डायरी, लंबित कांडों और साइबर पोर्टल पर दर्ज मामलों की स्थिति की घंटों गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को अपराध नियंत्रण एवं मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वार्षिक निरीक्षण की प्रक्रिया के तहत साइबर थाना का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में आधुनिक पुलिसिंग और तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने साइबर पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और मामलों की जानकारी ली तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से पीड़ित लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
डीआईजी ने विधि-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में दर्ज कांडों, लंबित मामलों और पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली। इसके साथ ही स्टेशन डायरी के संधारण और उसमें दर्ज गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई।
उन्होंने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई और आम लोगों की शिकायतों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सहरसा एसपी विक्रम सिहाग, डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।





