वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नगर थाना क्षेत्र में व्यवहार न्यायालय के गेट के पास बाइक सवार बदमाशों ने कांग्रेस नेता संजीव कुमार की गाड़ी से कीमती बैग चोरी कर लिया। बैग में लाखों रुपये का सामान बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वैशाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संजीव कुमार बुधवार को निजी काम से कोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान उनका ड्राइवर मुख्य सड़क पर न्यायालय गेट के पास गाड़ी खड़ी कर इंतजार कर रहा था। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और ड्राइवर को बताया कि गाड़ी के इंजन से मोबिल गिर रहा है।
बदमाशों की बात पर ड्राइवर ने गाड़ी से उतरकर बोनट खोल दिया और मोबिल गिरने की जांच करने लगा। इसी दौरान दोनों शातिर बदमाशों ने गाड़ी में रखा कीमती बैग निकाल लिया और बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कांग्रेस नेता संजीव कुमार के अनुसार, चोरी हुआ बैग एलवी कंपनी का था, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई गई है। बैग के अंदर तीन मोबाइल फोन, एप्पल कंपनी का लैपटॉप, एटीएम कार्ड और कई जरूरी सामान रखे हुए थे।
घटना के तुरंत बाद संजीव कुमार ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।
वहीं, कांग्रेस नेता ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। उन्होंने वैशाली पुलिस से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।





