
बिहार की राजधानी पटना के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन पटना जंक्शन पर बुधवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। जनरल टिकट काउंटर पर तैनात दो महिला बुकिंग क्लर्कों के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कर्मचारियों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला ने दूसरी को दांत से काट लिया, जबकि दूसरी ने नाखून से हमला कर दिया। झड़प में दोनों के हाथों में चोट आई और खून निकलने लगा।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब एक बजे की है। उस समय टिकट काउंटर पर यात्रियों की लंबी कतार लगी थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर यात्रियों को भेजा जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों महिला कर्मचारियों के बीच पहले बहस हुई। करीब आधे घंटे तक चली नोकझोंक के बाद दोनों अपने-अपने काउंटर छोड़कर आमने-सामने आ गईं और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के दौरान टिकट हॉल में अफरा-तफरी मच गई। टिकट लेने पहुंचे यात्री अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर हैरान रह गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, जबकि कई यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। मारपीट के कारण कुछ समय के लिए टिकट वितरण भी प्रभावित हुआ।
हंगामे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों महिला कर्मचारियों को अलग कराया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद टिकट काउंटर पर सामान्य रूप से टिकट वितरण शुरू कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पटना जंक्शन जैसे व्यस्त स्टेशन पर इस तरह की घटना पहले कभी देखने को नहीं मिली। यात्रियों का कहना है कि जहां रेलवे कर्मचारियों से बेहतर सेवा की उम्मीद रहती है, वहीं इस तरह की घटना से रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं। हालांकि कुछ लोगों ने लगातार काम के दबाव और भीड़ को भी इस तनाव का कारण बताया।
फिलहाल रेलवे प्रशासन ने मामले को शांत करा दिया है, लेकिन घटना की चर्चा सोशल मीडिया पर भी तेज हो गई है। लोग इस घटना पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। रेलवे की ओर से अब तक इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





