सहरसा पुलिस ने पटरघट थाना क्षेत्र में हुए चर्चित छिनतई कांड का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कटिहार जिले से छिनतई की पूरी 5 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की है। हालांकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को पटरघट थाना क्षेत्र के कपसिया गांव के पास हरेंद्र यादव अपने मित्र के साथ एक्सिस बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनका पीछा कर रुपये से भरा बैग और अन्य जरूरी कागजात छीन लिए थे। इस संबंध में पटरघट थाना कांड संख्या-123/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मानव आसूचना के आधार पर मामले की जांच की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कटिहार जिले के दुरियाबांज निवासी रामकुमार यादव के रूप में हुई।
इसके बाद सहरसा पुलिस ने कटिहार पुलिस तथा बिहार एसटीएफ के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर आरोपी के ठिकाने से छिनतई की पूरी 5 लाख रुपये की नकद राशि बरामद कर ली। पुलिस ने बरामद रुपये को विधिवत जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई में पटरघट थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई, कटिहार पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संवाददाता : इन्द्रदेव जी, सहरसा






