NEET परीक्षा से पहले धनबाद पुलिस अलर्ट: होटल में बिना पहचान पत्र ठहरे दो संदिग्ध युवक हिरासत में, पूछताछ जारी

धनबाद: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा से पहले जिलेभर के होटल, गेस्ट हाउस, लॉज और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी तरह की गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या परीक्षा से जुड़े अवैध नेटवर्क पर समय रहते कार्रवाई करना है।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर शनिवार शाम पुलिस टीम ने हीरापुर स्थित होटल कुणाल में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान होटल में ठहरे सभी लोगों के पहचान पत्र, ठहरने से संबंधित दस्तावेज और होटल के रजिस्टर की बारीकी से जांच की गई।

 

जांच के दौरान पुलिस को होटल में ठहरे दो युवक संदिग्ध लगे। पूछताछ में दोनों युवक अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए थाने भेज दिया। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान, ठहरने के उद्देश्य और संभावित गतिविधियों की जांच कर रही है।

 

थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि NEET परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान भी संवेदनशील केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों, दलालों और परीक्षा से जुड़े किसी भी अवैध नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने होटल संचालकों को भी निर्देश दिया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराएं तथा संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

 

संवाददाता: नीतीश कुमार

Related Posts

लव मैरिज के बाद सुजाता हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, गला दबाकर हत्या कर शव जलाने का आरोप; एक आरोपी गिरफ्तार

लव मैरिज के बाद सुजाता हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, गला दबाकर हत्या कर शव जलाने का आरोप; एक आरोपी गिरफ्तार

भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि, विनोद बिहारी चौक पर निकाला गया कैंडल मार्च; सीबीआई जांच की उठी मांग

भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि, विनोद बिहारी चौक पर निकाला गया कैंडल मार्च; सीबीआई जांच की उठी मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *