सहरसा में मोबाइल चार्ज करने के दौरान करंट लगने से महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र में बिजली का करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार देर शाम हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिजन बेहद दुखी हैं।

मृतका की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के मोकना वार्ड संख्या-10 निवासी लालो कुमार यादव की 28 वर्षीय पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। रीना देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें छह वर्षीय पुत्र वृषभ और चार वर्षीय पुत्र रौनक शामिल हैं। मां की अचानक मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के संबंध में मृतका के देवर सचिन कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम वह बाजार गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि रीना देवी घर में लगे बिजली बोर्ड पर मोबाइल चार्ज करने गई थीं। बिजली बोर्ड के ऊपर एक होल्डर लटका हुआ था, जिसके तार कटे हुए थे। बताया जाता है कि मोबाइल चार्ज करने के दौरान उनका संपर्क कटे हुए तार से हो गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना बिहरा थाना पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन इसे संदिग्ध मौत मानते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *