दरभंगा जिले के बहेड़ी प्रखंड के सोनमा गांव के 17 वर्षीय अभिनव अजय ने JEE Advanced 2026 में ऑल इंडिया रैंक 791 हासिल कर पूरे मिथिलांचल का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच मिली यह सफलता आज हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।
अभिनव एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता अजय कुमार RO मशीनों के टेक्नीशियन हैं, जो गांव-गांव और शहर-शहर जाकर मशीनों की मरम्मत कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। पिता का सपना था कि उनका बेटा अच्छी शिक्षा प्राप्त करे और जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करे।
अजय कुमार बताते हैं कि एक बार वे काम के सिलसिले में दरभंगा के ओमेगा स्टडी सेंटर पहुंचे थे। वहां का शैक्षणिक माहौल देखकर उन्होंने सोचा था कि उनका बेटा भी यहां पढ़े, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे उसका दाखिला नहीं करा सके। बाद में संस्थान के निदेशक सुमित चौबे को अभिनव की प्रतिभा और परिस्थितियों की जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाई। संस्थान ने कोचिंग के साथ परीक्षा फॉर्म और अन्य जरूरी खर्चों में भी सहयोग किया।
अभिनव अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी लगातार मेहनत को देते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों को कभी अपनी पढ़ाई के आड़े नहीं आने दिया और हमेशा अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा।
ओमेगा स्टडी सेंटर के निदेशक सुमित चौबे के अनुसार, अभिनव शुरू से ही मेधावी, अनुशासित और मेहनती छात्र रहा है। उसकी सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर कोई भी छात्र बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है।
संघर्ष से सफलता तक का अभिनव का यह सफर उन छात्रों के लिए मिसाल है जो आर्थिक या सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। दरभंगा के एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अभिनव आज पूरे बिहार और मिथिलांचल के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।