सहरसा शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी राइस मिल के समीप एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर ऑक्सीजन नहीं लगाए जाने के कारण मरीज की मौत हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार मरीज का इलाज शहर के अनिक हॉस्पिटल में चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। उनका कहना है कि मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं दी गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए तथा अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मी मौके से फरार हो गए, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
संवाददाता : इन्द्रदेव