धनबाद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 120 स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। संविदा आधारित इस नियुक्ति प्रक्रिया के तहत विभिन्न 18 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की बहाली की गई है। इससे जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मानव संसाधन की कमी दूर होने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एनएचएम के तहत निकाली गई नियुक्तियों के लिए कुल 956 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट का आयोजन किया गया, जिसके बाद विभिन्न श्रेणियों में 120 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैबोरेट्री टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।
सदर अस्पताल धनबाद में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा समेत कई प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चयनित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सदर अस्पताल के अलावा जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
विभाग की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि मेरिट सूची में मामूली अंतर से चयन से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को भविष्य में होने वाली नियुक्ति प्रक्रियाओं में अवसर दिया जा सकता है।
120 नए स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति के साथ धनबाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे अस्पतालों में कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
संवाददाता : नीतीश कुमार