आठ घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार; लूटी गई चेन और बाइक बरामद
भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटी गई चांदी की चेन बरामद की गई है, जबकि अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अब फरार तीसरे अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 2 जून को सबौर थाना को सूचना मिली थी कि नाथनगर से हबीबपुर जा रहे एक व्यक्ति को राजपुर बहियार के समीप तीन बाइक सवार अपराधियों ने घेर लिया। अपराधियों ने पीड़ित से चांदी की चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली तथा मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। सिटी एसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सहारा लिया गया। इसके आधार पर पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया और घटना में शामिल तीन अपराधियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन कुमार और विनोद पासवान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अमन कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों की निशानदेही पर लूटी गई चांदी की चेन बरामद कर ली है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। हालांकि लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है।
सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ लॉ एंड ऑर्डर को सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि सबौर थाना पुलिस की तत्परता, तकनीकी जांच और सटीक रणनीति के कारण बेहद कम समय में अपराधियों तक पहुंचना संभव हो सका।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।