पटना में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस


पटना से सटे फुलवारीशरीफ इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नत्थूपुर का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से हरिणीचक स्थित अपने ससुराल में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने बेउर थाना क्षेत्र के बाईपास किनारे निदान अस्पताल के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही परिजन शव को अपने घर ले गए थे। बाद में पुलिस हरिणीचक पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया।

Sponsored Advertisement

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आनंद कुमार के सिर के पीछे कान के पास सटाकर गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस और फुलवारी डीएसपी-1 सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

मृतक के चचेरे भाई ने हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया है। परिजनों का आरोप है कि आनंद कुमार का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। परिवार ने कुछ लोगों को नामजद करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फुलवारी डीएसपी-1 सुशील कुमार ने बताया कि युवक के सिर में बेहद नजदीक से गोली मारने के सबूत मिले हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच की जा रही है ताकि हत्या की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पुलिस के अनुसार, आनंद कुमार पहले एक कुरियर कंपनी में काम करता था और नालंदा में हुई एक लूट की घटना में जेल भी जा चुका था। करीब छह महीने पहले जेल से बाहर आने के बाद वह जमीन के कारोबार से जुड़ गया था।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

  • Related Posts

    बेटे का शव देखते ही मां ने तोड़ा दम, एक ही आंगन से उठीं मां-बेटे की अर्थियां; नम आंखों से जलीं दो चिताएं

    सहरसा/सिमरी बख्तियारपुर। सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र की चानन पंचायत स्थित सहुरिया, हनुमान टोला में रविवार को एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। राशन कार्ड…

    सुल्तानगंज में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

    भागलपुर: सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी वारदात की कथित साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *