नालंदा: अब यात्रा की प्लानिंग के लिए घंटों रिसर्च करने की जरूरत नहीं होगी। बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ के दो युवा छात्रों, सक्षम राज (18) और रिषु कुमार (17), ने मिलकर एक एआई आधारित ट्रैवल प्लेटफॉर्म ‘KRO TRAVEL’ विकसित किया है। यह प्लेटफॉर्म महज 30 से 40 सेकंड में किसी भी व्यक्ति की पूरी यात्रा की योजना तैयार कर देता है। तीन साल की मेहनत के बाद इसे लॉन्च किया गया है और हजारों लोग इसका उपयोग कर रहे हैं।
‘KRO TRAVEL’ के संस्थापक सक्षम राज बिहारशरीफ के सोहसराय के रहने वाले हैं, जबकि रिषु कुमार इसके को-फाउंडर हैं। दोनों की दोस्ती इंटरमीडिएट के दौरान कोचिंग में हुई थी। सक्षम और रिषु दोनों आगे चलकर सीए बनना चाहते हैं।
सक्षम ने बताया कि वर्ष 2022 में बनारस यात्रा के दौरान खराब प्लानिंग की वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी अनुभव से उन्हें ऐसा प्लेटफॉर्म बनाने का विचार आया, जो यात्रियों को बजट के अनुसार बेहतर मार्गदर्शन दे सके। 2023 में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ और इसका नाम ‘KRO TRAVEL’ रखा गया।
रिषु कुमार इस स्टार्टअप के ऑपरेशनल कार्यों को संभालते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने ट्यूशन और इंटर्नशिप से हुई अपनी कमाई भी इसमें निवेश की।
सक्षम के अनुसार, सामान्य एआई टूल्स में कई बार भ्रामक जानकारी मिलती है। इसे दूर करने के लिए टीम ने देशभर के 8,000 से अधिक पर्यटन स्थलों और शहरों के स्थानीय लोगों से संपर्क कर वास्तविक जानकारी जुटाई। बाद में इस पहल से एक तीसरे को-फाउंडर भी जुड़े, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय तकनीकी क्षेत्र का अनुभव है।
प्लेटफॉर्म का पहला बीटा वर्जन नवंबर 2025 में लॉन्च किया गया था। बिना किसी मार्केटिंग के पहले सप्ताह में ही 7,500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अब इसे पूरी तरह एआई आधारित बना दिया गया है।
यूजर को वेबसाइट पर जाकर गंतव्य, यात्रा की तारीख, दिनों की संख्या और बजट दर्ज करना होता है। इसके बाद मामूली शुल्क देकर कुछ ही सेकंड में पूरी ट्रिप प्लान मिल जाती है, जिसमें होटल, भोजन, घूमने की जगहें और किफायती यात्रा विकल्प शामिल होते हैं। यही वजह है कि आज हजारों लोग इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपनी यात्रा को आसान बना रहे हैं।