बिहार में पुलिस इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। महज 24 घंटे के अंदर दो बड़े एनकाउंटर होने से यह साफ संकेत मिल रहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। भागलपुर के बाद अब सिवान में भी पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में कुख्यात आरोपी छोटू यादव घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र का है, जहां रोडरेज की एक घटना ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और उनके भांजे हर्ष सिंह कार से कहीं जा रहे थे। रास्ते में आंदर ढाला के पास उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी। इसी दौरान पीछे से आई एक कार उनकी गाड़ी से टकरा गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी छोटू यादव ने अपनी कार से पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में हर्ष सिंह को तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की गाड़ी की पहचान की गई और लगातार छापेमारी की गई। इसी दौरान छोटू यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान छोटू यादव ने अपना अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद जब पुलिस उसे हथियार बरामद करने ले जा रही थी, तभी रात करीब तीन बजे उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें छोटू यादव के पैर में गोली लग गई।

फिलहाल उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। वहीं पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *