बिहार में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। राजधानी पटना के दानापुर इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना रूपसपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुरा देवी स्थान के पास की है। बताया जा रहा है कि तेज हवा और बारिश के बीच बिल्डिंग के छठे तल से दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर राह चलते दो लोग दब गए।

मृतकों की पहचान तिलक नगर निवासी 73 वर्षीय त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा और रुकनपुरा निवासी 45 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उधर, सीतामढ़ी जिले में भी आंधी-पानी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से सैकड़ों कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे गरीब परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई घर आंशिक या पूरी तरह ढह गए, जिससे लोग बेघर होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई जगहों पर खंभे और तार टूटकर गिर गए, जिससे घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

इसके अलावा, सड़कों पर पेड़ और टहनियां गिरने से कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। डुमरा बस स्टैंड में एक बड़ा पेड़ गिरने से दुकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि मिर्जापुर स्थित एक विद्यालय का टीन शेड उड़ गया। बक्सर-पटना रेलखंड पर भी पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ।

भागलपुर, मधुबनी, भोजपुर, खगड़िया, समस्तीपुर और मुंगेर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिला। हालांकि, इस बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *