बिहार के सिवान जिले से एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े अपराधियों ने एक CSP संचालक को निशाना बनाते हुए करीब 9 लाख 47 हजार रुपए लूट लिए। यह घटना लकड़ी नवीगंज थाना क्षेत्र के बसौंली-पड़ौली बॉर्डर के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, CSP संचालक अपने घर से नकद राशि लेकर केंद्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर उसे अपने कब्जे में लिया और उससे पूरी नकदी लूट ली। इतना ही नहीं, अपराधियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह तुरंत किसी को सूचना न दे सके।

घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी कृष्णा शुक्ला ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। वहीं, लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है।

गौरतलब है कि राज्य में CSP संचालकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। आए दिन लूट की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे संचालकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *