बिहार के सारण जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। दाउदपुर थाना क्षेत्र में NH-531 पर तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे बनवार ढाला के पास हुआ। पिकअप वाहन में सवार सभी लोग खैरा बाजार स्थित जिया आर्केस्ट्रा से जुड़े कलाकार और कर्मी थे। ये लोग जिले के चैनपुर में आयोजित एक शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क से करीब 15 फीट दूर खेत में जा गिरा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है और ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों और आर्केस्ट्रा टीम से जुड़े लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
