बिहार की राजधानी पटना के नजदीक मोकामा से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मां ने अपने ही पांच साल की मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा गांव, वार्ड संख्या 6 की है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी टाइगर राय गुजरात में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। हाल ही में उसकी बहन की शादी तय हुई थी, जिसके लिए उसने घर पैसे भेजे थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी चांदनी देवी नाराज चल रही थी। बताया जा रहा है कि पति द्वारा भेजे गए पैसे के खर्च को लेकर दोनों के बीच तनाव था और महिला इस बात से बेहद परेशान थी।
इसी तनाव में आकर चांदनी देवी ने अपनी पांच साल की बेटी मुस्कान कुमारी के साथ पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद भी उसने अपने अपराध को छिपाने की कोशिश की। महिला ने खुद ही पुलिस को फोन कर सूचना दी और आरोप अपनी सास निशा देवी पर लगा दिया कि उन्होंने बच्ची की हत्या की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला की बातों में बार-बार विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस को शक हुआ। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो चांदनी देवी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और पूरी घटना का खुलासा किया।
मृत बच्ची मुस्कान कुमारी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को विधिसम्मत सजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
यह घटना न केवल एक परिवार को उजाड़ गई, बल्कि समाज के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर गई है।
