पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. जेडीयू नेता निशांत कुमार आज सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया. नीतीश कुमार फिलहाल पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड आवास में रह रहे हैं, जहां निशांत कुमार भी मौजूद हैं.
निशांत कुमार ने केवल अपने पिता ही नहीं, बल्कि जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह तथा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से भी मुलाकात कर आशीर्वाद लिया.
हालांकि निशांत कुमार अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं, फिर भी उन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी जा रही है. सम्राट चौधरी सरकार में वे ऐसे दूसरे मंत्री होंगे जो फिलहाल किसी सदन का हिस्सा नहीं हैं. इससे पहले उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को भी बिना सदन सदस्य हुए मंत्री बनाया गया था और अब उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि निशांत कुमार इन दिनों बिहार में “सद्भाव यात्रा” निकाल रहे थे. इसी दौरान पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सरकार में जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार किया. इससे पहले सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ के समय भी चर्चा थी कि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन तब उन्होंने पद लेने से इनकार कर दिया था. अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समझाने के बाद वे मंत्री पद स्वीकार करने को तैयार हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक जेडीयू कोटे से कुल 12 मंत्री शपथ लेंगे. इनमें श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, रत्नेश सदा, मदन सहनी, लेसी सिंह, बुलो मंडल, दामोदर रावत, भगवान सिंह कुशवाहा, सुनील कुमार, शीला मंडल और जमा खान शामिल हैं. वहीं विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव पहले से उपमुख्यमंत्री के रूप में सरकार में हैं.
सूत्रों के अनुसार सम्राट सरकार में आज कुल 30 नए मंत्री शपथ लेंगे, जिनमें बीजेपी से 14, जेडीयू से 12, एलजेपीआर से 2 तथा हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शामिल होंगे।
