बिहार के गया जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनूआ घाटी में शनिवार शाम करीब 6 बजे हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, गया जिले के आमस प्रखंड के तेतरिया गांव निवासी शिवकुमार मांझी अपने परिवार के साथ धनबाद से गांव लौट रहे थे। रास्ते में घाटी के घुमावदार मोड़ पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शिवकुमार मांझी (43), उनकी पत्नी रूबी कुमारी (35), बेटियां सोनी (12) और सुहानी (10), ससुर कृत मांझी (60) और पोता प्रेम कुमार (10) के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। बताया जा रहा है कि शिवकुमार मांझी धनबाद के झरिया कोलियरी में कार्यरत थे और अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे।

इस हादसे के बाद तेतरिया और आसपास के गांवों में मातम पसर गया है। शादी की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं। मृतक की मां बुधनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग इस घटना से पूरी तरह टूट चुके हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि शिवकुमार का 16 वर्षीय बड़ा बेटा रंजीत कुमार इस हादसे में बच गया, क्योंकि वह धनबाद में ही घर पर रह गया था। फिलहाल सभी शवों का पोस्टमार्टम हजारीबाग में किया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें गांव लाया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *