बिहार के कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के भौगांव गांव में रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत रास्ता ऊंचा होने के कारण ठोकर लगने से हुई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद अचानक एक पक्ष ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। घायल महिला जानकी देवी के पुत्र राजू ने बताया कि विवाद धीरे-धीरे बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया और अचानक गोलियां चलने लगीं।
इस घटना में अनुष्का कुमारी को कमर के नीचे और जानकी देवी को जांघ में गोली लगी है। दोनों को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घायल अनुष्का कुमारी की मां अमृता कुमारी ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान कई लोगों ने मिलकर फायरिंग की और उनके पति के साथ मारपीट भी की गई। परिजनों ने सुनील शाह, रंजीत शाह और जीवछ साह सहित कई लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। साथ ही एक आरोपी पर अवैध शराब कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना प्रभारी विजय प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
फिलहाल गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
