बिहार के कटिहार जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्टेशन परिसर में खीरा बेच रही कुछ महिलाएं खीरे को हरा और ताजा दिखाने के लिए उस पर रंग लगाती नजर आईं. वीडियो वायरल होते ही यात्रियों में नाराजगी फैल गई और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.

आरपीएफ इंस्पेक्टर विक्रम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान खीरे पर हरा रंग लगाकर बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जबकि आठ अन्य महिला वेंडरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच में यह भी सामने आया कि सभी महिलाएं बिना अनुमति स्टेशन परिसर में अवैध रूप से वेंडिंग कर रही थीं.

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला ने दावा किया कि खीरे पर मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाला खाद्य रंग लगाया गया था, ताकि खीरा अधिक ताजा और आकर्षक दिख सके. हालांकि आरपीएफ अब यह जांच कर रही है कि इस्तेमाल किया गया रंग खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं.

इस घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो. मामले ने रेलवे स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग और खाद्य सामग्री की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

आरपीएफ की टीम हिरासत में ली गई महिलाओं से लगातार पूछताछ कर रही है और संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. वहीं रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस घटना के बाद स्टेशनों पर खाद्य पदार्थों की बिक्री और वेंडरों की निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *