भागलपुर में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और पूर्व प्रधानमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को कांग्रेस के प्रधान चुनाव कार्यालय में संयुक्त रूप से श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ भागलपुर विधायक सह कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा और कांग्रेस नेताओं द्वारा दोनों महान विभूतियों के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर अजीत शर्मा ने दोनों नेताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी एक युगांतकारी नेत्री थीं, जिन्होंने भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने हरित क्रांति लाकर देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया और पाकिस्तान को परास्त कर बांग्लादेश का निर्माण कराया। शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी की विदेश नीति इतनी दृढ़ थी कि विश्व की महाशक्तियां भी भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने से कतराती थीं।
सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश की 562 रियासतों का भारत संघ में विलय संभव हुआ तो वह पटेल जी की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम था। इसलिए उन्हें “लौहपुरुष” के नाम से पूरे देश में सम्मानित किया जाता है।
समारोह में जिला कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अभय आनंद, डॉ. जनार्दन प्रसाद साह, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कोमल सृष्टि, सुनंदा रक्षित, महिला कांग्रेस की पर्यवेक्षिका सुमिता मिश्रा, गौतम बनर्जी, उषा रानी, डॉ. जयशंकर ठाकुर, सोईन अंसारी, रविन्द्रनाथ यादव, अभिषेक चौबे, शिवशंकर सिन्हा, आरती सिंह, तुलसी मोहन झा, इंजीनियर रवि, सैफ बिन मलिक, अभिमन्यु यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के पदचिह्नों पर चलने और देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

