मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी गांव में प्रशासनिक टीम ने संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और वहां की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के लिए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, डीडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम समेत जिले के कई वरीय अधिकारी काफिले के साथ बैजानी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच निर्माण, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तृत सर्वे किया।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है, लेकिन संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुट गया है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जगदीशपुर के बैजानी गांव में आयोजित होता है तो यहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की योजना भी तैयार कर ली गई है।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का सुरक्षा के दृष्टिकोण से आकलन किया जा रहा है ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का किसी जिले में आगमन वहां के लिए खुशी और गौरव की बात होती है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यदि कार्यक्रम तय होता है तो सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित रहें ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
